मधेपुरा। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बीड़ी रणपाल पंचायत के वार्ड दो निवासी कामो यादव के 28 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार को सोमवार के रात करीब दस बजे घर के पास चचेरे भाई के बरामदे पर अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। दो गोली लगने से प्रिंस गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन- फानन में परिजन और आसपास के लोगों ने प्रिंस को उदाकिशुनगंज पीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंट रेफर कर दिया।
पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसे आईसीयू में रखा गया है।मिली जानकारी अनुसार प्रिंस कुमार को दो गोली मारी गयी है। एक गोली कंधे से लगकर आरपार हो गयी। दूसरी गोली उसके शरीर में फंसी रह गयी। घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना प्रभारी शशि भूषण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। कुछ लोगों के द्वारा गोली चलाने की घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। घायल प्रिंस से मिलकर उसका बयान लिया जाएगा। परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रिंस कुमार के घर के आगे चौराहा के समीप कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था। आवाज सुनकर प्रिंस कुमार अपने घर से वहां गए थे। वापस लौटने के दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने दो गोली चलाई। दोनों गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीएचसी प्रभारी डॉ. इंद्र भूषण कुमार ने बताया कि रात में प्रिंस कुमार को लेकर कुछ लोग पीएचसी पहुंचे थे। डॉक्टर को बताया गया था कि वह गिर गया है। उसके पेट में कुछ धंस गया है। परिजनों ने कहा कि उसे किसी प्राइवेट नर्सिंग होम में दिखाएंगे। इसके बाद उसे रेफर कर दिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें