◆सारंग तनय, उपसम्पादक, मधेपुरा(बिहार)।
मधेपुरा : दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूरा विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन इस समारोह को सफल बनाने में जुटा है। दीक्षा-स्थल सहित पूरे विश्वविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की जा रही है। मंच स्थल पर मधुबनी पेंटिंग की गई है। पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन समिति के सदस्यगण लगातार सभी कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। शनिवार को समिति के सदस्यों ने दीक्षांत समारोह से संबंधित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। पदाधिकारियों ने दीक्षा स्थल एवं अतिथिशाला का विशेष रूप से जायजा लिया।
उप कुलसचिव अकादमिक डाॅ एम. आई. रहमान ने बताया कि राज्यपाल सह कुलाधिपति के आगमन को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। हर स्तर पर बेहतर प्रबंध किया जा रहा है। विभिन्न प्रमुख स्थलों को चिह्नित कर सुसज्जित तोरण द्वार बनाया जाएगा।
इस अवसर पर जनसंपर्क पदाधिकारी डाॅ. सुधांशु शेखर, कुलपति के निजी सहायक शंभु नारायण यादव, कुलसचिव के निजी सचिव राजीव कुमार आदि उपस्थित थे।
●अंगवस्त्रम् वितरण:
तृतीय दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को रविवार एवं सोमवार को विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में पूर्वाह्न साढ़े दस बजे से अपराह्न पाँच बजे तक अंगवस्त्रम् वितरित किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने साथ रसीद रखना आवश्यक होगा। जो विद्यार्थी ससमय अंगवस्त्रम् नहीं ले पाएंगे, वे दीक्षांत समारोह में भाग नहीं ले सकेंगे।
●निर्देश हुआ जारी:
दीक्षांत समारोह में भाग लेने हेतु सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए आठसूत्री निर्देश जारी किए गए हैं। ये हैं:
1. अपना निमंत्रण-पत्र,प्रवेश पत्र,पहचान-पत्र साथ रखें और मांगें जाने पर दिखाएँ।
2. साथी व्यक्ति एवं बच्चों का प्रवेश वर्जित है।
3. पूर्वाह्न 11:00 बजे तक आप पंडाल में अपनी निर्धारित स्थान ग्रहण कर लें।
4. अपने साथ कैमरा, मोबाइल, हैंडसेट, ब्लूटूथ और किसी भी प्रकार का अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं किसी भी प्रकार का हथियार, इलेक्ट्रॉनिक गजेट, बैग या पॉलीथिन बैग, ब्रीफकेस एवं हैंडबैग आदि दीक्षांत स्थल पर न लाएँ।
5. विद्वत शोभायात्रा के समय आप अपने स्थान पर सावधान मुद्रा में खड़े हो जाएं।
6. विद्वत शोभायात्रा के जाने के समय भी आप अपने स्थान पर सावधान मुद्रा में खड़े रहें।
7. राष्ट्रीय गान एवं कुलगीत का सम्मान करते हुए इनके गायन के वक्त खड़े हो जाएं।
8. विद्वत-कार्यवाही के दौरान शांति बनाएं रखें और समारोह के सफल आयोजन में सहयोग करें।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें