मधेपुरा। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार का लक्ष्य है, आत्मनिर्भर भारत को अपने चहेते कारपोरेट के हाथों गिरवी रखना। इसे पूरा करने के लिए काला कृषि कानून बनाकर किसान को मटिया मेट कर उन्हें बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश है। यह बातें सदर विधायक व पूर्व मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने कही। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में सबको मिलकर भाग लेना है, तभी देश बचेगा, खेती किसानी बच सकेगी।
पूर्व मंत्री राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर रविवार को साहूगढ़ बाजार टोला में राष्ट्रीय जनता दल के पश्चिमी प्रभाग प्रखंड कार्यालय का उद्घाटन करने के क्रम में केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के किसानों की गरीबी का सबसे बड़ा कारण यहां मंडी व्यवस्था नीतीश कुमार द्वारा 2006 में समाप्त करना रहा है। प्रो. चंद्रशेखर ने कहा कि किसानों को उसके फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। व्यापारियों की सुविधा के लिए समय बीत जाने के बाद फसल खरीदने का तमाशा किया जाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की ताकत को मजबूत करने के लिए हर एक कार्यकर्ता को पूरी शिद्दत से जुड़ कर काम करना होगा ।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए कार्यालय प्रभारी रागनी रानी यादव ने विधायक प्रो. चंद्रशेखर को फूल माला, गुलदस्ता और साल भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली शक्ति है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही नींव का पत्थर है जिस पर राजनीति की मजबूत इमारत खड़ी की जाती है। पार्टी की मजबूती कार्यकर्ता के मजबूत कंधों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा हमें गर्व है हम राजद के कार्यकर्ता हैं। जो हमेशा सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाने में अपनी महती भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम का संचालन राजद नेता रामकृष्ण यादव ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सदर राजद प्रखंड अध्यक्ष सुरेश कुमार यादव, जिला प्रवक्ता युवा राजद संजीव कुमार, प्रखंड प्रधान महासचिव पप्पु कुमार यादव, पूर्व सरपंच गणेश यादव ,ललन यादव,राकेश ,शरद, आशीष, चन्दन,भुषण मंडल कांग्रेस,आशा रानी, कुणाल किशोर यादव आदि मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें