मधेपुरा। मधेपुरा की बेटी सोशल एक्टिविस्ट शिवानी सिंह महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। मधेपुरा जिले के गम्हरिया प्रखंड निवासी डाॅ. किशोर कुमार सिंह और सविता सिंह की बेटी शिवानी सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 'वीमेन ऑफ सब्सटांस' अवार्ड 2021 से सम्मानित किया गया है। शिवानी के पिता डाॅ. किशोर कुमार सिंह भूपेंद्र नारायण मंडल वाणिज्य महाविद्यालय साहूगढ़ मधेपुरा में
मैथिली के प्राध्यापक हैं। शिवानी सिंह को वीरांगना ग्रुप द्वारा उत्तर प्रदेश के कानपुर में विमेन ऑफ सब्सटांस सम्मान से सम्मानित किया गया। वीरांगना ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्म स्टार गोविंदा ने शिवानी सिंह को सम्मानित किया। शिवानी सिंह को इससे पहले 'मिसेज ग्लोबल बिहार 2019' के खिताब से भी सम्मानित
किया जा चुका है। पूर्णिया जिले में स्कूल की प्रधान शिक्षिका शिवानी सिंह खासकर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा कर लोगों को जागरूक कर रही है। कानपुर में बॉलीवुड सिने स्टार गोविंदा के
हाथों सम्मानित होने के बाद वह अपने पैतृक घर गम्हरिया और शहर के चंदा टाॅकिज रोड स्थित अपने आवास पर पहुंच बड़ों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान शिवानी ने कहा कि शिक्षिका होने के नाते समाज से निरक्षरता के कलंक को मिटाने के लिए वह काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बीच शिक्षा के महत्व को समझाना आवश्यक है। महिलाओं के शिक्षित होने से समाज का हर बच्चा शिक्षित होकर देश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेगा। शिवानी ने कहा कि समाज के गरीब और वंचित वर्ग के बीच शिक्षा का अलख
जगाना आवश्यक है। शिवानी सिंह को मिले सम्मान से उनके परिजनों और प्रशंसकों में खुशी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि शिवानी ने कम उम्र में ही अपनी सकारात्मक सोच और कार्यों के बल पर आम लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अंदर असीम प्रतिभा छिपी हुई है। जरूरत है उसे उचित मार्ग निर्देशन देने की। वे अपने स्तर से जितना कर पा रही है वह कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें