◆सारंग तनय, उपसंपादक, मधेपुरा(बिहार)।
मधेपुरा: भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा का तृतीय दीक्षांत समारोह 17 नवंबर (मंगलवार) को सुनिश्चित है।
राज्यपाल सचिवालय, राजभवन, पटना के पत्रांक-बीएनएमयू-07/2012-3253/ (रा. स.-i), दिनांक-20.11.19 के आलोक में अधिसूचित की गई है। इस बावत विश्वविद्यालय की अधिसूचना ज्ञापांक-जीएस (काॅनवोकेशन-iiird-06/19)-1433/19, दिनांक-21.11.19 जारी कर दी गई है।
इस अवसर पर राज्यपाल सह कुलाधिपति फागू चौहान मुख्य अतिथि सह अध्यक्ष होंगे। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री कृष्णानंदन प्रसाद वर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे। नार्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी, शिलांग के पूर्व कुलपति एवं नैक के पूर्व निदेशक डाॅ. ए. एन. राय सम्मानित अतिथि होंगे और दीक्षांत भाषण देंगे। कुलपति डाॅ. अवध किशोर राय स्वागत भाषण देंगे और विश्वविद्यालय का प्रगति-प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। प्रति कुलपति डाॅ. फारूक अली धन्यवाद ज्ञापन करेंगे।
●आयोजन समिति की बैठक
दीक्षांत समारोह के आयोजन समिति की लगातार बैठकें हो रही हैं। शुक्रवार को भी कुलपति डाॅ. अवध किशोर राय की अध्यक्षता में केंद्रीय पुस्तकालय में बैठक आयोजित की गई।
कुलपति ने कहा कि तृतीय दीक्षांत समारोह को द्वितीय दीक्षांत समारोह की तरह ही शानदार एवं यादगार बनाया जाएगा। विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह के आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
●9 कमेटियों का गठन
समारोह के सफल आयोजन हेतु 9 कमेटियों का गठन किया गया है। ये हैं अनुश्रुवन समिति, प्रमाण-पत्र तैयारी समिति, कार्यक्रम प्रबंधन समिति, स्वागत समिति, विद्वत परिधान समिति, अतिथि सत्कार एवं भोजन समिति, सुविधा एवं परिवहन समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति और प्रेस समिति। विश्वविद्यालय द्वारा एक पत्र जारी कर सभी पदाधिकारियों तथा दीक्षांत समारोह हेतु गठित उपसमिति के सदस्यों को निदेशित किया गया है कि दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी कार्य ससमय पूर्ण किए जाएँ।
●आवेदन की तिथि बढ़ी
इस समारोह में दिसंबर 2018 से लेकर अब तक के पी-एच. डी. डिग्री धारकों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा एम. ए. 2917 और एम. डी. एवं एम. एस. 2019 की डिग्री प्रदान की जाएगी। इस हेतु आवेदन की तिथि दस दिसंबर तक बढ़ा दी गई है।
इस अवसर पर प्रति कुलपति डाॅ. फारूक अली, डीएसडब्लू डाॅ. शिवमुनि यादव, सीसीडीसी डाॅ. भावानंद झा, कुलसचिव डाॅ. कपिलदेव प्रसाद, सीनेटर डाॅ. नरेश कुमार, आरजेएम काॅलेज की प्रधानाचार्य डाॅ. रेणु सिंह, उप कुलसचिव अकादमिक डाॅ. एम. आई. रहमान, जनसंपर्क पदाधिकारी डाॅ. सुधांशु शेखर, कुलपति के निजी सहायक शंभु नारायण यादव, बिमल कुमार आदि उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें