BNMU:"विश्वविद्यालय में डेढ़ महीने तक होंगे सेमिनार-वर्कशॉप,कुलसचिव ने लिया स्थल का जायजा"... - News Express Now :: Hindi News, Latest News in Hindi, Breaking News, | हिन्दी न्यूज़ लाइव

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

रविवार, 25 जनवरी 2026

BNMU:"विश्वविद्यालय में डेढ़ महीने तक होंगे सेमिनार-वर्कशॉप,कुलसचिव ने लिया स्थल का जायजा"...

मधेपुरा/बिहार: भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा में कुलपति प्रो.बीएस झा ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन  हेतु कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में तीसरे वर्ष की शुरुआत में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम उषा) के तहत लगभग ढाई माह तक चलने वाले शैक्षणिक आयोजनों की एक श्रृंखला शुरू होने जा रही है। यह जानकारी कुलसचिव प्रो. अशोक कुमार ठाकुर ने दी। 
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक श्रृंखला में 28 जनवरी से 24 मार्च तक कुल 44 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। सबसे पहले विज्ञान संकायान्तर्गत 28-29 जनवरी तक कैपेसिटी ब्लिडिंग प्रोग्राम फॉर रिसर्च स्कॉलर विषयक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वालों को मात्र ₹100 रुपये से पंजीयन कराना होगा।
उन्होंने बताया कि बीएनएमयू राज्य का पहला विश्वविद्यालय है, जहां इस योजनान्तर्गत इतने लंबे समय तक निरंतर सेमिनार और वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी पीजी विभागाध्यक्षों को को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है। प्रत्येक विभाग अपने विषय से संबंधित सेमिनार का प्रस्ताव तैयार करेगा। इस सेमिनार और वर्कशॉप की श्रृंखला से शिक्षक, शोधार्थी और छात्रों को विभिन्न विषयों में नई नई जानकारी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस संबंध में गत 20 जनवरी को कुलपति प्रो. बी. एस झा की अध्यक्षता में प्रशासनिक परिसर में सभी संकायाध्यक्षों एवं  विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की गई। पुनः 21 जनवरी को शैक्षणिक परिसर में पीजी विभागाध्यक्षों की बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसी कड़ी में रविवार को कुलसचिव के साथ विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने आयोजन स्थल का भ्रमण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। 
निदेशक (आईक्यूएसी) प्रो. नरेश कुमार ने बताया कि सभी पीजी विभागों में विषयवार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित होंगे। सेमिनार से जुड़े सभी खर्च पीएम उषा फंड से वहन किए जाएंगे। इसके लिए पीएम उषा की ओर से ई-प्रोक्योरमेंट के माध्यम से ग्लोबल टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई है, जिसमें गुरुग्राम की एक कंपनी का चयन हुआ है। सेमिनार के दौरान प्रिंटिंग, प्रचार-प्रसार, भोजन, ठहराव, विशेषज्ञों के मानदेय सहित सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी निभाएगी। 
परिसंपदा पदाधिकारी शंभू नारायण यादव ने बताया कि सेमिनार और वर्कशॉप के आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए शैक्षणिक परिसर में साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है। आयोजन स्थल को दुल्हन की तरह सजाने की योजना है।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. शंकर कुमार मिश्र एवं कार्यक्रम समन्वयक (एनएसएस) डॉ. सुधांशु शेखर उपस्थित थे।।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Pages