◆सारंग तनय, मधेपुरा।
मधेपुरा: सुप्रसिद्ध समाजवादी नेता भूपेन्द्र नारायण मंडल की जयंती पर एक फरवरी को उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 'बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय : कल, आज और कल' विषय पर चर्चा होगी। इस आशय का निर्णय शुक्रवार को कुलपति डाॅ. अवध किशोर राय की अध्यक्ष में आयोजित बैठक में लिया गया।
●कुलपति ने बताया कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना सुप्रसिद्ध समाजवादी नेता भूपेन्द्र बाबू के नाम पर हुई थी। इस विश्वविद्यालय ने कोसी एवं सीमांचल के पिछड़े इलाके में शिक्षा की रौशनी फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। विश्वविद्यालय के 27 वर्ष हो गए हैं। हमने पिछले वर्ष रजत जयंती समारोह का भी आयोजन किया। एक फरवरी को रजत जयंती समारोह का समापन भी होगा। समारोह में सभी पूर्व कुलपतियों, पूर्व प्रति कुलपतियों, पूर्व कुलसचिवों सहित अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
●कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय :" कल आज और कल " नामक पुस्तक प्रकाशित करने की भी योजना है। इस पुस्तक में विश्वविद्यालय के इतिहास, उपलब्धियों एवं कार्य योजनाओं से संबंधित सामग्रियों, आलेखों एवं चित्रों को स्थान दिया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों की उपलब्धियों एवं बीएनएमयू से जुड़े संस्मरण आदि भी प्रकाशित किए जाएंगे। इसके लिए 25 जनवरी तक आलेख, रचनाएं एवं चित्र आमंत्रित की गई है। प्रकाशनार्थ सामग्रियाँ पीआरओ, कुलपति कार्यालय, बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय, लालूनगर, मधेपुरा-852113 (बिहार), मोबाइल-9934629245, ई. मेल- probnmu@gmail.com पर भेजा जा सकता है।
●बैठक में स्थापना दिवस एवं भूपेन्द्र नारायण मंडल जयंती समारोह के आयोजन हेतु चार कमेटियों का गठन किया गया है। एक संचालन समिति में प्रति कुलपति डाॅ. फारूक़ अली, कुलानुशासक डाॅ. अशोक कुमार यादव, कुलसचिव डाॅ. कपिलदेव प्रसाद, एफओ सुरजदेव प्रसाद, विकास पदाधिकारी डाॅ. लंदन प्रसाद अद्री एवं परिसंपदा पदाधिकारी बी. पी. यादव के नाम शामिल हैं। दो, इवेंट मैनेजमेंट कमिटी में डाॅ. एम. आई. रहमान, डाॅ. नरेन्द्र श्रीवास्तव एवं डाॅ. अबुल फजल और सांस्कृतिक समिति में डाॅ. रीता सिंह, डाॅ. बी. एन. विवेका, डाॅ. शंकर कुमार मिश्र एवं पृथ्वीराज यदुवंशी को शामिल किया गया है। भोजन समिति की जिम्मेदारी कुलपति के निजी सहायक शंभु नारायण यादव, राजीव कुमार, राजेश कुमार, बबलू ठाकुर एवं विश्वनाथ विवेका को दी गई है।
बैठक में प्रति कुलपति डाॅ. फारूक़ अली, वित्तीय परामर्शी सुरेशचंद्र दास, कुलानुशासक कुलानुशासक डाॅ. अशोक कुमार यादव, कुलसचिव डाॅ. कपिलदेव प्रसाद, परीक्षा नियंत्रक डाॅ. नवीन कुमार, बीओ डाॅ. एम. एस. पाठक, जनसंपर्क पदाधिकारी डाॅ. सुधांशु शेखर आदि उपस्थित थे।।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें