घर के आसपास घूम रही किसी अंजान सुंदरी को देखकर अब आप सतर्क रहें। ये सुंदरियां चोर भी हो सकती है। इन दिनों शहर में दिनदहाड़े कई घरों में हुई चोरी की घटना में सुंदरियों का हाथ रहने के बाद पुलिस भी मुश्किल में है।
इन दिनों शहर में महिलाओं और लड़कियों का एक गैंग सक्रिय है। इनके चंगुल में फंसे तो गए काम से। पिछले एक माह के दौरान उसने दिन-दहाड़े चोरी की चार वारदातों को अंजाम दिया। सूने घर में महिलाओं या लड़कियों के लिए प्रवेश सहज होता है। वहां चोरी करने के बाद वे आसानी से सरक जाती हैं। आस-पास के लोग शक भी
नहीं कर पाते हैं। गैंग को लोगों ने ‘हसीना गैंग’ का नाम दिया है।
पहले करती है रेकी, फिर चोरी
चोरी करने से पहले सूने घरों की रेकी की जाती है। ऑफिस या अन्य किसी कार्य से निकलने के बाद जैसे ही घर में ताला लगा दिखता है तो ये हसीनाएं आराम से पलभर में घटना को अंजाम देकर निकल जाती हैं। वैसे, इनके पीछे कई पुरूष सदस्य भी रहते हैं जो मदद करते हैं। ये पलभर में ताला व आलमीरा को तोड़कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर देती हैं।
महिला होने के कारण लोग घरेलू दाई, कुछ बेचने वाली समझकर शक नहीं करते हैं। हाल ही में एक निजी कॉलेज में कार्यरत आशुतोष कुमार के घर में हुई चोरी के बाद यह स्पष्ट हुआ कि एक युवती आई थी। युवती के साथ दो पुरूष सदस्य भी थे। इससे पहले भी एक घर में रात को चोरी की घटना हुई, जिसमें युवतियों के शामिल रहने की बात कही गयी थी।
कई घरों में दिनदहाड़े हो चुकी चोरी
शहर में हाल के दिनों में दिनदहाड़े कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। भूमि सुधार उप समाहर्ता रविरंजन के सरकारी आवास, न्यू कॉलोनी निवासी सेवानिवृत प्रधानाध्यापक देवकीनंदन सिंह, गांधी पथ के भाकपा कार्यालय, गौतमनगर में नरेन्द्र सिंह के आवास तथा बैंककर्मी कायस्थ टोला निवासी शिवकुमार सिंह के
यहां दिनदहाड़े ऐसी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें से एक भी घटना का पुलिस उद्भेदन नहीं कर पाई है। खास यह कि ये चोरनियां जेवरात व नकद पर हाथ साफ कर रहीं हैं।
भाग गया था पकड़ाया चोर
ऐसा नहीं कि केवल चोरनियां हीं सक्रिय हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कहरा रोड में एक चोर को लोगों ने पकड़कर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंची और इलाज शुरू हुआ इसी दौरान चोर पुलिस को चकमा देकर स्लाइन सेट के साथ फरार हो गया। इस मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। परंतु चोर अबतक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है।
बोली पुलिस
आए दिन चोरियों पर सहरसा के थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। रात के समय में विशेष गश्ती होती थी। अब दिन में भी गली-मोहल्ले में गश्ती हो रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें